चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में बड़े बदलाव के बीच टीवीके प्रमुख विजय कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन चेन्नई में किया जाएगा। जानकारी के अनुसार समारोह दोपहर 3:15 बजे प्रस्तावित किया गया है। राज्यपाल से मुलाकात के बाद विजय को सरकार बनाने की मंजूरी मिल गई है।
इसके बाद राजभवन की ओर से शपथ ग्रहण कार्यक्रम की आधिकारिक तैयारी शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में समर्थकों और राजनीतिक हस्तियों के पहुंचने की संभावना है।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी टीवीके ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य की राजनीति में नई ताकत के रूप में उभरकर सामने आई है। हालांकि सरकार गठन को लेकर पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक हलचल तेज थी और सहयोगी दलों के समर्थन पर चर्चा जारी थी।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार विजय का मुख्यमंत्री बनना तमिलनाडु की पारंपरिक राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है। अभिनेता से नेता बने विजय की लोकप्रियता का असर चुनाव परिणामों में साफ दिखाई दिया।

