नई जिम्मेदारी: नागेंद्र नाथ त्रिपाठी बने भाजपा के राष्ट्रीय संगठक, दिल्ली होगा नया केंद्र

nagendra ji

नई दिल्ली/पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण नियुक्ति करते हुए वरिष्ठ संगठनकर्ता नागेंद्र नाथ त्रिपाठी को राष्ट्रीय संगठक ( वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क) की जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा उनकी नियुक्ति की गई है।

नई जिम्मेदारी के तहत नागेंद्र ऩाथ त्रिपाठी का कार्यक्षेत्र अब राष्ट्रीय स्तर पर होगा और उनका केंद्र नई दिल्ली रहेगा। संगठन के भीतर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद, समन्वय और संपर्क को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

नागेंद्र नाथ त्रिपाठी इससे पूर्व बिहार-झारखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री के रूप में कार्यरत थे। अपने संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ और लंबे समय से पार्टी के प्रति समर्पित योगदान के कारण उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा संगठन में उनकी पहचान एक कुशल संगठनकर्ता के रूप में रही है। बिहार और झारखंड में संगठन विस्तार, कार्यकर्ता प्रशिक्षण और विभिन्न अभियानों के सफल संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि राष्ट्रीय स्तर पर भी वे कार्यकर्ताओं और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सफल होंगे।

राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों में इस नियुक्ति को भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *