- सारंगढ़ में गूंजे देशभक्ति के नारे, हजारों बच्चों ने निकाली तिरंगा यात्रा
रायपुर, 11 अगस्त 2026। देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता को मजबूत करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की अगुवाई में आयोजित इस यात्रा में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत भारत माता की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद यात्रा भारत माता चौक, नंदा चौक और अटल परिसर होते हुए रानी लक्ष्मी बाई कॉम्प्लेक्स पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
यात्रा के दौरान हजारों स्कूली बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘जय जवान, जय किसान’ जैसे देशभक्ति के नारे लगाए। बच्चों के जोश और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा सारंगढ़ शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
मंत्री टंक राम वर्मा ने किया घर-घर तिरंगा फहराने का आह्वान
तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने नागरिकों से अपने-अपने घरों पर आन-बान और शान के साथ तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के राष्ट्रीय स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। इसकी रक्षा और सम्मान के लिए देश के लाखों वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
मंत्री ने कहा कि तिरंगे में मौजूद अशोक चक्र देश और प्रदेश की निरंतर प्रगति और गतिशीलता का प्रतीक है। तिरंगे की बात आते ही देशवासी जाति, पंथ और धर्म से ऊपर उठकर एकता के सूत्र में बंध जाते हैं।
अमर बलिदानियों को किया नमन
मंत्री टंक राम वर्मा ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को नमन करते हुए झांसी की रानी, मंगल पांडे और भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों के योगदान को याद किया।
उन्होंने नागरिकों और युवाओं से इन महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों और पदचिह्नों पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता और विकास में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्कूली बच्चे रहे मौजूद
तिरंगा यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर, पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।
पूरे आयोजन के दौरान नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों के साथ निकली इस यात्रा ने सारंगढ़ में राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।

