नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में जारी इस सूची में कई वरिष्ठ नेताओं को राज्यों की संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा की कमान
नई सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। छत्तीसगढ़ में उनके साथ सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। यह नियुक्ति राज्य में भाजपा के संगठनात्मक कामकाज के लिए महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में सामने आई है।
स्मृति ईरानी को एक साथ दो राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले भी भाजपा संगठन में उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलती रही हैं।
यूपी की जिम्मेदारी विनोद तावड़े को
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य के लिए चार सह-प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड
भाजपा के वरिष्ठ नेता राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया है। वहीं सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी मिली है। सतीश पूनिया को पंजाब और जम्मू-कश्मीर का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
महाराष्ट्र में बैजयंत जय पांडा को प्रभारी बनाया गया है, जबकि अमित मालवीय, सदानंद शेट तानावडे और कमलजीत सहरावत सह-प्रभारी होंगे। राजस्थान की जिम्मेदारी संजय भाटिया को दी गई है, उनके साथ कविता पाटीदार और कुलजीत चहल सह-प्रभारी होंगे।
नई टीम में महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी
नई संगठनात्मक टीम में कुल 65 नेताओं को जिम्मेदारियां दी गई हैं, जिनमें 21 महिला नेता शामिल हैं। इनमें चार महिलाओं को राज्य प्रभारी और 17 को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है।
भाजपा की नई सूची ऐसे समय आई है, जब पार्टी कई राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर अपनी टीम को नए सिरे से व्यवस्थित कर रही है। नई नियुक्तियों के साथ विभिन्न राज्यों में पार्टी के संगठनात्मक समन्वय और प्रबंधन की जिम्मेदारियां भी नए सिरे से तय की गई हैं।

