रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि माताओं-बहनों का सम्मान, उनकी सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री मंगलवार को राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा के निवास पर आयोजित तीज मिलन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने माताओं-बहनों से भेंट कर उन्हें तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं।
पारंपरिक उल्लास और आत्मीय वातावरण में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि तीज पर्व छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और आत्मीय रिश्तों से जुड़ा है। यह भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना के साथ परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना का पर्व है।
68 लाख से अधिक महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना प्रदेश की माताओं-बहनों के आर्थिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है। योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने एक हजार रुपये की राशि सीधे अंतरित की जा रही है। अब तक 31 किस्तों के माध्यम से 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि हितग्राही महिलाओं के खातों में पहुंचाई जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग महिलाएं घरेलू जरूरतों के साथ बच्चों की पढ़ाई, बचत और छोटे-छोटे स्वरोजगार के लिए भी कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की प्रत्येक महिला को आगे बढ़ने के लिए अवसर, संसाधन और आवश्यक सहयोग मिले।
छत्तीसगढ़ में 13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को स्थायी आजीविका, कौशल और स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं विभिन्न आर्थिक गतिविधियों और छोटे व्यवसायों के माध्यम से परिवार की आय बढ़ा रही हैं। महिलाओं की बढ़ती आर्थिक भागीदारी परिवारों के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही है।
650 करोड़ की लागत से बन रही फिल्म सिटी
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और परंपराएं प्रदेश की पहचान हैं। इन्हें देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से फिल्म सिटी तैयार की जा रही है। इससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को रोजगार एवं प्रतिभा प्रदर्शन के नए अवसर मिलने के साथ प्रदेश के पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
कलाकारों का किया सम्मान
समारोह में छत्तीसगढ़ की लोक कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि लोक कलाकार छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकगीत, लोकनृत्य और परंपराएं केवल सांस्कृतिक धरोहर नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सामाजिक पहचान और जीवनशैली की जीवंत अभिव्यक्ति हैं।
शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में सुरक्षा बलों तथा स्थानीय नागरिकों के सहयोग से छत्तीसगढ़ ने नक्सलवाद के विरुद्ध महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी हिंसा और भय विकास में बाधा थे, वहां अब शांति और विश्वास के साथ विकास के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, वन संपदा, वनोपज, खनिज और कृषि भूमि से समृद्ध है। इन संसाधनों का जनहित में बेहतर उपयोग करते हुए प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना सरकार का संकल्प है।
राजस्व मंत्री ने लोकगीत से किया माताओं-बहनों का अभिनंदन
राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि तीज के अवसर पर माताओं-बहनों का अपने निवास पर अभिनंदन करना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने अपने जीवन के संघर्षों का उल्लेख करते हुए प्रदेश में वर्ष 2003 के बाद बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की बात कही।
श्री वर्मा ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत प्रस्तुत कर माताओं-बहनों का अभिनंदन किया। उनकी प्रस्तुति से समारोह में छत्तीसगढ़ी संस्कृति और तीज पर्व का उल्लास और जीवंत हो उठा।
भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर मांगी प्रदेश की खुशहाली
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा के निवास पर विराजित भगवान श्री गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ केश शिल्पी विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री गौरी शंकर श्रीवास, चर्म शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष श्री ध्रुव कुमार मिर्धा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन, विधायक श्री रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल, श्रीमती वीणा सिंह सहित बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, कलाकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

