रायपुर। जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन का राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश और एसडीएम श्री नंद कुमार चौबे के मार्गदर्शन में एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें भाठागांव, चन्दनीडीह, दतरेंगा और काठाडीह सहित प्रभावित क्षेत्रों में लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
भाठागांव में 54 नागरिकों का रेस्क्यू
ग्राम भाठागांव में नायब तहसीलदार श्री प्रवीण परमार और नगर निगम जोन क्रमांक-6 के जोन कमिश्नर श्री हितेंद्र यादव की मौजूदगी में राहत एवं बचाव कार्य जारी है। यहां अब तक 54 नागरिकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामुदायिक भवन, भाठागांव में ठहराया गया है। राहत केंद्र में प्रभावित लोगों के लिए नाश्ता, भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई है। केशरी बगीचा, बीजीआर पेट्रोल पंप और हरिओम नगर क्षेत्र में भी रेस्क्यू अभियान जारी है।
चन्दनीडीह में 185 लोगों को सुरक्षित निकाला
ग्राम चन्दनीडीह में नायब तहसीलदार श्री सौरभ कश्यप और नगर निगम जोन क्रमांक-8 के कार्यपालन अभियंता श्री अतुल चोपड़ा की मौजूदगी में एनडीआरएफ की टीम बचाव कार्य में जुटी है। यहां अब तक 185 नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
वहीं, ग्राम काठाडीह में एसडीएम श्री नंद कुमार चौबे, एनडीआरएफ के कमांडिंग ऑफिसर मेजर पवन जोशी और तहसीलदार रायपुर श्री राममूर्ति दीवान की टीम द्वारा राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की जा रही है।
इस तरह भाठागांव और चन्दनीडीह से अब तक कुल 239 नागरिकों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य आगे भी जारी रखा जा रहा है।

