रायपुर, 7 अक्टूबर 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को राजधानी रायपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के जिला मुख्यालयों सहित 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ बनाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये संकल्प चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक बनेंगे तथा आने वाली पीढ़ियों को देश की प्रगति में नागरिकों की भूमिका की प्रेरणा देंगे।
मशाल लेकर सीएम साय ने किया सेवा ज्योति यात्रा का नेतृत्व
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाथों में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया। इसके बाद उन्होंने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से शुरू होकर तेलीबांधा चौक तक निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों और युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प भी दिलाया।
‘प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष जनसेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा’
विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके निरंतर सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे होना जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की यात्रा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी स्वयं को देश का ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं और 140 करोड़ नागरिकों की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं और दुनिया भारत की बढ़ती क्षमता तथा वैश्विक भूमिका को देख रही है।
सेवा ज्योति यात्रा को बताया जनभागीदारी का अवसर
सीएम साय ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के प्रति समर्पण को सम्मान देने के साथ-साथ विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी का संकल्प लेने का अवसर है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना भी की।
छत्तीसगढ़ में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत में 17 सितंबर को प्रदेशवासियों ने डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की थी।
विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य देश के सामने रखा है। यह केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सामूहिक संकल्प है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के माध्यम से प्रदेश के आगामी विकास की दिशा तय की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर क्षेत्र और हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने और विकसित छत्तीसगढ़ एवं विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
‘छत्तीसगढ़ के विकास के लिए प्रधानमंत्री से मिलता है भरपूर सहयोग’
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से पहले विभिन्न जिम्मेदारियों के दौरान छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों का दौरा किया था। इस कारण वह राज्य की भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों तथा संभावनाओं से अच्छी तरह परिचित हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़े मुद्दों पर प्रधानमंत्री से चर्चा के दौरान प्रदेश को अपेक्षा से बढ़कर सहयोग और मार्गदर्शन मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकास के नए अवसरों से जुड़ रहा है और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है।
सिंगापुर से निवेश और वैश्विक अवसरों की दिशा में बढ़ रहा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री साय ने अपने हालिया सिंगापुर दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच है कि भारत के राज्य भी दुनिया के विभिन्न देशों के साथ आर्थिक और संस्थागत संबंध मजबूत करें।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ और हरियाणा को सिंगापुर में आयोजित प्रथम Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026 में भागीदारी के लिए चुना था।
सिंगापुर दौरे के दौरान उद्योग जगत, निवेशकों और बिजनेस फेडरेशन के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और साझेदारी के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और सिंगापुर के संबंध पुराने और मजबूत हैं तथा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के प्रति वैश्विक विश्वास बढ़ा है। इसका लाभ छत्तीसगढ़ जैसे तेजी से आगे बढ़ते राज्यों को भी मिल रहा है।
‘वी विल डू इट’ के संकल्प को जनभागीदारी से करेंगे पूरा
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘वी विल डू इट’ के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य बड़ा जरूर है, लेकिन सामूहिक प्रयासों से इसे हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्र के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। भारत को फिर से विश्वगुरु बनाने के संकल्प के साथ हर नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश का प्रत्येक नागरिक राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर अपनी जिम्मेदारी निभाएगा, तब विकसित भारत का संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी दी प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों की ओर से बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, प्रसन्न और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए नागरिकों से सेवा ज्योति यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लेने और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल सहित विभिन्न निगम CM विष्णुदेव साय ने प्रदेश में 38 ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ बनाने की-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

