मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का युवाओं को संदेश: बड़े सपने देखें, लक्ष्य तय करें और मेहनत से सफलता हासिल करें

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित और सशक्त भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा तथा संकल्प से देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपनी रुचि पहचानने, बड़े सपने देखने, लक्ष्य निर्धारित करने और पूरी मेहनत व समर्पण के साथ उन्हें हासिल करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुरुवार, 8 अक्टूबर को रायपुर के सड्डू में न्यूज 24 और लल्लूराम डॉट कॉम द्वारा आयोजित ‘जेन नेक्स्ट संवाद: यंग माइंड्स, मीनिंगफुल कन्वर्सेशंस’ कार्यक्रम में जेन-जी और जेन-अल्फा के विद्यार्थियों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने अपने जीवन के संघर्षों, राजनीतिक सफर और सफलता के अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, जल संरक्षण और छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास जैसे विषयों पर सवाल पूछे, जिनका मुख्यमंत्री ने सहज और आत्मीय अंदाज में जवाब दिया।

छोटे गांव से मुख्यमंत्री तक का सफर साझा किया

विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने अपने बचपन और संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया। उन्होंने बताया कि जशपुर जिले के बगिया गांव में उनका बचपन बीता। लगभग 10 वर्ष की उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारियां उनके कंधों पर आ गईं। पढ़ाई के साथ खेती-बाड़ी संभालते हुए उन्होंने परिवार का सहयोग किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि वे सरपंच भी बनेंगे, लेकिन जनसेवा के सफर में सरपंच से विधायक, सांसद, केंद्रीय राज्यमंत्री और मुख्यमंत्री तक पहुंचने का अवसर मिला। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में जो भी जिम्मेदारी मिले, उसे ईमानदारी और पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए। उनका जीवन मंत्र है—‘कर्म ही पूजा है।’

शिक्षा के बदलते स्वरूप और नए अवसरों पर चर्चा

मुख्यमंत्री ने अपने विद्यार्थी जीवन की तुलना वर्तमान शैक्षणिक सुविधाओं से करते हुए कहा कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूलों की आधारभूत सुविधाएं सीमित थीं। आज छत्तीसगढ़ में शिक्षा का विस्तार हुआ है और उच्च शिक्षा के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य में 17 प्रयास विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद दी जा रही है। वहीं, पीएमश्री योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 341 स्कूलों में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं, स्मार्ट क्लास और प्रयोगशालाओं के विकास पर काम किया जा रहा है। नई शिक्षा नीति का उद्देश्य शिक्षा को संस्कार, कौशल और रोजगार से जोड़ना है।

जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील

कक्षा नौवीं के विद्यार्थी आदित्य राज तिवारी के सवाल पर मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “जल है तो कल है।” उन्होंने कहा कि गिरता भूजल स्तर पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय है। विद्यार्थियों को अपने घरों, स्कूलों और आसपास के क्षेत्रों में वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के ‘जल संचय-जनभागीदारी’ अभियान, कोरिया जिले के 5 प्रतिशत मॉडल और राजनांदगांव में सोक पिट निर्माण के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं से जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या और सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने की अपील की।

2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य

प्रदेश की अर्थव्यवस्था से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ ने वर्ष 2047 को ध्यान में रखते हुए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। उन्होंने राज्य के प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर प्रबंधन कर आर्थिक विकास को गति देने की बात कही। कार्यक्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा, आर्थिक प्रगति और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का जिक्र करते हुए कहा कि वहां उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चाओं में वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा की झलक देखने को मिली।

युवाओं की प्रतिभाओं का किया सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं से समय का सदुपयोग करने और अपनी रुचि के अनुरूप करियर चुनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने युवाओं के साथ आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत भक्ति गीतों का आनंद लिया। मुख्यमंत्री ने खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले युवाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *