लोक शिक्षण संचालनालय ने जारी किया स्पष्टीकरण, सोशल मीडिया पर वायरल सूचना को बताया भ्रामक
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जून 2026 से ही प्रारंभ होगा। राज्य के लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि 1 जुलाई 2026 से स्कूल खुलने संबंधी सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही सूचना पूरी तरह भ्रामक, असत्य और फर्जी है।
लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक द्वारा 12 जून 2026 को जारी पत्र के अनुसार राज्य की सभी शासकीय एवं अशासकीय शालाओं में नए शैक्षणिक सत्र का विधिवत संचालन 16 जून 2026 (मंगलवार) से प्रारंभ किया जाएगा।
विभाग ने कहा है कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर यह गलत जानकारी प्रसारित की जा रही है कि स्कूलों का संचालन 1 जुलाई से शुरू होगा, जबकि विभाग की ओर से ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई है।
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों के संचालन की अधिकृत तिथि 16 जून 2026 ही है और सभी स्कूल इसी तिथि से संचालित होंगे।
विभाग ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें तथा सोशल मीडिया पर वायरल अपुष्ट और भ्रामक जानकारियों से सावधान रहें।
शिक्षा विभाग ने कहा है कि किसी भी महत्वपूर्ण सूचना की पुष्टि विभागीय आदेशों और आधिकारिक माध्यमों से ही की जानी चाहिए, ताकि अफवाहों और भ्रम की स्थिति से बचा जा सके।

