जशपुर का केरे गांव बन रहा ग्रामीण पर्यटन का नया केंद्र, होमस्टे मॉडल से बढ़ी पहचान

jashpur home stay

रायपुर, छत्तीसगढ़ में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में जशपुर जिले का केरे गांव तेजी से एक उभरते पर्यटन स्थल के रूप में पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल से स्थानीय लोगों की आजीविका सशक्त हो रही है और क्षेत्रीय संस्कृति को नई पहचान मिल रही है।

जिला प्रशासन के विशेष प्रयासों से केरे गांव को पर्यटन गांव के रूप में विकसित किया गया है। यहां अब तक 5 होमस्टे स्थापित किए जा चुके हैं। ग्रामीणों को होमस्टे संचालन, अतिथि सत्कार और प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे वे पर्यटकों को बेहतर सेवाएं प्रदान कर सकें।

हाल ही में केरे स्थित ‘महुआ होमस्टे’ में ठहरे यात्रियों का अनुभव इस पहल की सफलता को दर्शाता है। बिलासपुर से रांची जा रहे तीन यात्रियों ने आरामदायक ठहराव के लिए इस होमस्टे को चुना। ऑनलाइन जानकारी मिलने के बाद वे यहां पहुंचे, जहां उनका आत्मीय स्वागत किया गया। उन्हें घर जैसा स्वादिष्ट भोजन और साफ-सुथरी व्यवस्था का अनुभव मिला।

पर्यटकों ने होमस्टे की सुविधाओं और मेजबानों के व्यवहार की खुलकर सराहना की। यह सकारात्मक अनुभव दर्शाता है कि केरे गांव अब एक भरोसेमंद और आकर्षक ग्रामीण पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित हो रहा है।

जिला प्रशासन के अनुसार, इस पहल से न केवल ग्रामीणों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं, बल्कि सामुदायिक भागीदारी भी मजबूत हो रही है। यह मॉडल स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *