मोदी सरकार के 12 वर्ष आंतरिक सुरक्षा, राष्ट्रीय स्वाभिमान और सांस्कृतिक पुनरुत्थान के ऐतिहासिक वर्ष : लता उसेंडी

lata usendi mla cg
  • दुनिया ने देखा सशक्त और नए भारत का उदय, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का दावा

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक लता उसेंडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों को भारत के इतिहास का महत्वपूर्ण कालखंड बताते हुए कहा कि इस दौरान देश ने आंतरिक सुरक्षा, राष्ट्रीय अखंडता और सांस्कृतिक पुनरुत्थान के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

रायपुर में जारी बयान में उसेंडी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में दुनिया ने एक नए, सशक्त और आत्मविश्वासी भारत का उदय देखा है, जो अपनी सीमाओं की सुरक्षा करने के साथ-साथ वैश्विक मंचों पर भी मजबूती से अपनी बात रख रहा है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने कई ऐसे साहसिक निर्णय लिए, जिनका संबंध देश की संप्रभुता और राष्ट्रीय एकता से था। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर ‘एक विधान, एक प्रधान और एक निशान’ की व्यवस्था को पूर्ण रूप से लागू किया गया। वहीं तीन तलाक जैसी प्रथा को समाप्त कर मुस्लिम महिलाओं को सम्मानजनक जीवन का अधिकार सुनिश्चित किया गया।

उसेंडी ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर का निर्माण और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा भी मोदी सरकार के कार्यकाल की ऐतिहासिक उपलब्धियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि 500 वर्षों के लंबे संघर्ष और प्रतीक्षा के बाद यह सपना साकार हुआ, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।

आंतरिक सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के कारण आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास दोनों मोर्चों पर उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।

छत्तीसगढ़ का उल्लेख करते हुए उसेंडी ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें मिलकर माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास, आधारभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का कार्य कर रही हैं। इससे क्षेत्र में शांति और विकास का नया वातावरण निर्मित हुआ है।

उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, आतंकवाद के खिलाफ कड़े कदम और ‘इंडिया फर्स्ट’ आधारित विदेश नीति ने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। आज विश्व मंच पर भारत की भूमिका पहले से कहीं अधिक मजबूत और प्रभावशाली हुई है।

उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष एक समर्थ, सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सांस्कृतिक रूप से जागृत भारत की कहानी को प्रतिबिंबित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *