कुलगाम आतंकी हमला: LG मनोज सिन्हा ने सुरक्षा बलों को दिए आतंकियों के खात्मे के निर्देश

manoj sinha lg jk

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की मौत और एक अन्य के घायल होने के बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस हमले को कायरतापूर्ण और बर्बर करार देते हुए सुरक्षा बलों को आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज़ करने के निर्देश दिए हैं।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी अपने बयान में कहा कि उन्होंने घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात और अन्य वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से बातचीत की है। उन्होंने कहा कि इस कायराना आतंकी हमले की वह कड़ी निंदा करते हैं।

उन्होंने सुरक्षा बलों को निर्देश दिया कि आतंकवादियों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन को और तेज़ किया जाए तथा हमले में शामिल आतंकियों को जल्द से जल्द ढेर किया जाए। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

उपराज्यपाल ने यह भी जानकारी दी कि हमले में घायल छत्तीसगढ़ के दूसरे मजदूर को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू कराया गया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन और पूरा देश इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *