रायपुर, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने निवास पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की मंगलकामना करते हुए उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किए हैं। गरीब कल्याण से लेकर सुशासन, अंत्योदय से आत्मनिर्भर भारत और विरासत के सम्मान से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक उनकी यात्रा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर छत्तीसगढ़ सहित देशभर में सेवा और जनभागीदारी का भाव दिखाई दे रहा है। ‘आशीर्वाद का दीया’ इसी आत्मीय भावना की अभिव्यक्ति है। यह दीप प्रधानमंत्री के प्रति प्रदेशवासियों के स्नेह, विश्वास और शुभकामनाओं का प्रतीक है।
विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास की रोशनी प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और जनजातीय समाज की आकांक्षाएं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की शक्ति बनें, इसके लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री के दीर्घायु, स्वस्थ और यशस्वी जीवन की पुनः कामना की।

