सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने के निर्देश, मुख्य सचिव ने कलेक्टर्स को दिए अहम दिशा-निर्देश

seva abhiyan meeting withcg cs

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी और सामाजिक सहयोग का व्यापक माध्यम बनाने की तैयारी की जा रही है। मुख्य सचिव श्री विकासशील ने सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टरों के साथ अभियान की गतिविधियों की समीक्षा की।

प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे जनभागीदारी, सेवा भावना और एक-दूसरे की मदद की संस्कृति को मजबूत करने के अवसर के रूप में विकसित किया जाए।

सेवा संकल्प अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी पर जोर

मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि जिलों में अभियान की गतिविधियों का प्रभावी आयोजन किया जाए और इसमें अधिक से अधिक नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, युवा संगठनों और स्वयंसेवकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्रियों के मार्गदर्शन में ब्लॉक और तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले सेवा संकल्प शिविरों में लोगों को सक्रिय रूप से जोड़ा जाए और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण किया जाए।

शिविरों में केंद्र सरकार की चिन्हित 26 प्रमुख योजनाओं को शामिल करने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए।

23 से 25 सितंबर और 2 से 8 अक्टूबर तक होंगे विशेष कार्यक्रम

सेवा संकल्प अभियान के तहत 23 से 25 सितंबर तक प्रदेश के सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में तथा 2 से 8 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

  • सेवा एवं स्वच्छता अभियान
  • अन्न एवं वस्त्र दान
  • विद्या दान एवं शिक्षा सहयोग
  • कौशल एवं ज्ञान दान
  • हरित छत्तीसगढ़ एवं पर्यावरण संरक्षण
  • स्वास्थ्य एवं रक्तदान
  • अंगदान एवं देहदान
  • सामाजिक सुरक्षा एवं जागरूकता
  • स्थानीय उत्पादन एवं महिला सशक्तिकरण

मुख्य सचिव ने इन गतिविधियों में NCC, NSS, स्वयंसेवकों, स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संस्थाओं, युवा संगठनों और ‘मेरा युवा भारत’ सहित विभिन्न संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सभी गतिविधियों को माय भारत पोर्टल पर फोटोग्राफ्स सहित अपलोड करने को भी कहा गया है।

अंगदान और देहदान करने वाले परिवारों को किया जाएगा सम्मानित

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिन परिवारों के मृत परिजनों ने देहदान या अंगदान किया है, उन्हें सम्मानित किया जाए। साथ ही जिन लोगों को दान किए गए अंगों का लाभ मिला है, उनके परिवारों को भी कार्यक्रमों में शामिल करने और उनकी प्रतिक्रिया लेने पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि अंगदान और देहदान के प्रति जागरूकता केवल अभियान की अवधि तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग अंगदान के लिए आगे आएं।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य

हरित छत्तीसगढ़ अभियान के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल को शामिल करते हुए स्थानीय प्रजातियों के 10 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्य सचिव ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने और पौधरोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण से संबंधित अन्य गतिविधियों को भी प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

सेवा संकल्प एवं दान उत्सव में होंगी कई गतिविधियां

23 से 25 सितंबर तक प्रदेश के सभी जिलों के नगरीय निकायों में सेवा संकल्प एवं दान उत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 2 से 8 अक्टूबर तक प्रदेशभर में इसका व्यापक आयोजन किया जाएगा।

इस दौरान सेवा, स्वच्छता और दान से जुड़ी कई गतिविधियां होंगी। इनमें:

  • महा अन्नदान अभियान
  • अन्न एवं वस्त्र दान
  • विद्या दान और शिक्षा सहयोग
  • कौशल एवं ज्ञान दान
  • जल संरक्षण और जल स्रोतों की सफाई
  • पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक विरोधी अभियान
  • महा रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर
  • बुक ट्री और स्कूल किट वितरण
  • वंचित बच्चों के लिए शिक्षा सहयोग
  • गरिमा किट का वितरण

जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि दान उत्सव का लाभ अनाथालयों, वृद्धाश्रमों और जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचे। सामाजिक संस्थाओं और समितियों को भी अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ा जाए।

अभियान के समापन पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित करने के निर्देश भी दिए गए।

सेवा सेतु शिविरों में आवेदनों का समयबद्ध निराकरण

मुख्य सचिव ने सेवा सेतु शिविरों में प्राप्त आवेदनों का व्यवस्थित संकलन, परीक्षण और समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को प्रोएक्टिव तरीके से काम करने और शिविरों को परिणाम आधारित बनाने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्र सरकार की 26 प्रमुख योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी से संबंधित लंबित शिकायतों का भी समयबद्ध निराकरण करने को कहा।

कलेक्टरों को प्रभावी नेतृत्व के निर्देश

मुख्य सचिव ने कलेक्टरों से कहा कि वे अपने जिले के नेतृत्वकर्ता हैं और जिले में संचालित सभी अभियानों का प्रभावी नेतृत्व करते हुए बेहतर परिणाम सुनिश्चित करें।

उन्होंने सेवा संकल्प अभियान की सभी गतिविधियों और उपलब्धियों को गूगल शीट में व्यवस्थित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए, ताकि जिलेवार प्रगति की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके।

गिरदावरी सर्वे में शुद्धता पर विशेष जोर

मुख्य सचिव ने फसल गिरदावरी सर्वे में शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदारों और पटवारियों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा, ताकि सर्वे में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।

जल जीवन मिशन की साप्ताहिक समीक्षा के निर्देश

मुख्य सचिव ने जल जीवन मिशन को प्राथमिकता देते हुए जिलों में कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने 15 अक्टूबर तक निर्धारित लक्ष्य के अनुसार नल कनेक्शन और उनके क्रियाशील होने की प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा।

किसी भी समस्या की स्थिति में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से समन्वय कर तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन के कार्यों के लिए उप अभियंताओं की कमी नहीं होनी चाहिए। जहां आवश्यकता हो, वहां दूसरे निर्माण विभागों के उप अभियंताओं की भी ड्यूटी लगाई जाए।

सभी कलेक्टरों को साप्ताहिक आधार पर जल जीवन मिशन की समीक्षा करने तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के निर्धारित लक्ष्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

सेवा संकल्प अभियान को स्थायी जनभागीदारी का माध्यम बनाने पर जोर

मुख्य सचिव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी, सेवा भावना और सामाजिक सहयोग का स्थायी माध्यम बनाया जाना चाहिए। सभी विभाग और जिला प्रशासन आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अभियान को परिणाम तक पहुंचाएं।

उन्होंने अभियान की गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने और अच्छे प्रयासों को आगे भी जारी रखते हुए उन्हें संस्थागत रूप देने पर जोर दिया।

वीडियो कॉन्फ्रेंस में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री अविनाश चम्पावत, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, आयुक्त जनसंपर्क श्री सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। मुख्य सचिव ने कलेक्टर्स को जनभागीदारी बढ़ाने, 26 योजनाओं का लाभ दिलाने रजत बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी संभागायुक्त, कलेक्टर और प्रमुख जिला अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *