तमिलनाडु में सरकार गठन का रास्ता साफ, थलपति विजय को CPI-CPM और VCK का समर्थन

tvk suports congress

चेन्नई। तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर तस्वीर लगभग साफ हो गई है। तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) प्रमुख थलपति विजय को कांग्रेस के बाद अब भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) और विदूतलाई चिरुथाइगल काची (VCK) का भी समर्थन मिल गया है। इन दलों के समर्थन के साथ टीवीके ने विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है।

टीवीके नेता कामराज ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी पूर्ण बहुमत हासिल करने जा रही है और थलपति विजय जल्द ही राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अलावा CPI, CPM और VCK ने भी टीवीके को समर्थन देने का फैसला किया है।

बहुमत के आंकड़े से आगे पहुंची TVK

234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है। चुनाव में टीवीके ने 108 सीटों पर जीत दर्ज कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई थी। कांग्रेस के पांच विधायकों के समर्थन के बाद यह संख्या 113 तक पहुंच गई थी।

अब CPI के दो, CPM के दो और VCK के दो विधायकों के समर्थन से टीवीके गठबंधन का आंकड़ा 119 हो गया है, जो बहुमत के जरूरी आंकड़े से एक अधिक है। इसके बाद राज्य में टीवीके के नेतृत्व में सरकार बनने का रास्ता साफ माना जा रहा है।

खरगे ने वाम दलों से की थी अपील

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव डी. राजा से फोन पर बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने तमिलनाडु में धर्मनिरपेक्ष सरकार के गठन के लिए टीवीके का समर्थन करने की अपील की थी। इसके बाद वाम दलों ने समर्थन देने का निर्णय लिया।

तमिलनाडु चुनाव में क्या रहे नतीजे?

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया। वहीं डीएमके को 59 और एआईएडीएमके को 47 सीटें मिलीं। कांग्रेस ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की। इसके अलावा पीएमके को 4 सीटें मिलीं, जबकि आईयूएमएल, CPI, CPM और VCK को दो-दो सीटें हासिल हुईं।

भारतीय जनता पार्टी, डीएमडीके और एएमएमके को एक-एक सीट से संतोष करना पड़ा।

पहली बार सत्ता के करीब विजय

फिल्म अभिनेता से राजनेता बने थलपति विजय के लिए यह चुनाव ऐतिहासिक माना जा रहा है। राजनीति में सक्रिय प्रवेश के बाद पहली बार उनकी पार्टी सरकार बनाने की स्थिति में पहुंची है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि युवाओं और शहरी मतदाताओं के बीच विजय की लोकप्रियता ने टीवीके को बड़ी बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *