चिंतन शिविर 3.0: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में IIM रायपुर में दो दिवसीय मंथन

नया रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल का दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर 3.0’ 4 और 5 जुलाई को भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रायपुर में आयोजित किया गया है। आज से इसकी शुरूआत हो गई है। सुशासन एवं अभिसरण विभाग तथा आईआईएम रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, नवाचार आधारित और परिणामोन्मुख बनाते हुए ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के विजन को नई दिशा देना है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बदलते समय की चुनौतियों और अवसरों के अनुरूप शासन को निरंतर सीखने, आत्ममूल्यांकन करने और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार स्वयं को तैयार करने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि चिंतन शिविर मंत्रिमंडल और विभिन्न क्षेत्रों के राष्ट्रीय विशेषज्ञों के बीच संवाद, अनुभव साझा करने तथा नीति निर्माण का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

दो दिवसीय शिविर में कृषि, ग्रामीण विकास, उद्योग, निवेश, पर्यटन, खेल, उभरती प्रौद्योगिकी, नवाचार, संस्थागत सुधार, नेतृत्व विकास, सुशासन और जनसेवा जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। इन मंथनों के आधार पर विभागीय समन्वय मजबूत करने और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भावी रणनीति तैयार की जाएगी।

शिविर के पहले दिन आध्यात्मिक गुरु गौर गोपाल दास नेतृत्व एवं जीवन मूल्यों पर व्याख्यान देंगे। इसके अलावा अभय करंदीकर उभरती तकनीकों, जबकि डॉ. रमेश चंद कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के भविष्य पर अपने विचार साझा करेंगे।

दूसरे दिन योग सत्र के बाद सुमन बिल्ला पर्यटन, शशांक मणि त्रिपाठी सार्वजनिक नीति, ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग उत्कृष्टता और नेतृत्व तथा डॉ. विनय सहस्रबुद्धे सुशासन एवं जनकेंद्रित प्रशासन पर व्याख्यान देंगे।

राज्य सरकार का मानना है कि चिंतन शिविर 3.0 शासन में पारदर्शिता, जवाबदेही, तकनीक आधारित नवाचार और नागरिक-केंद्रित प्रशासन को नई मजबूती देगा तथा विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में प्रभावी रोडमैप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *