कांकेर के लामकन्हार में मुख्यमंत्री साय ने सुनी ‘मन की बात’, मुनगा अभियान की पीएम मोदी ने की सराहना

रायपुर/कांकेर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम लामकन्हार स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी का श्रवण किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री साय ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए अभियान को जनभागीदारी से कुपोषण के खिलाफ लड़ाई मजबूत करने वाली पहल बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के माध्यम से देशभर में जनभागीदारी से हो रहे सकारात्मक बदलावों और स्थानीय नवाचारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करते हैं। छत्तीसगढ़ के प्रयासों का लगातार उल्लेख प्रदेशवासियों के परिश्रम और सहभागिता का सम्मान है।

मुनगा के पोषण लाभों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मुनगा पोषण का महत्वपूर्ण स्रोत है। इसके पत्ते, फल और फूल भोजन में उपयोग किए जाते हैं तथा इसमें आयरन सहित कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से अपने घरों में मुनगा का पौधा लगाने तथा इसके पोषण लाभों के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में पोषण माह, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, सांस्कृतिक विरासत और ‘वोकल फॉर लोकल’ सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांकेर का यह क्षेत्र लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। अब शांति और सुरक्षा के वातावरण में विकास के नए अवसर बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य दूरस्थ क्षेत्रों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, संचार और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है।

साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में जनभागीदारी आधारित कई प्रयासों को ‘मन की बात’ के माध्यम से राष्ट्रीय पहचान मिली है। इनमें बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक, मल्हार का ऐतिहासिक ताम्रपत्र और कोरिया का ‘5 प्रतिशत जल संचय मॉडल’ शामिल हैं।

लामकन्हार को 85 लाख रुपए के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने ग्राम लामकन्हार में विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल 85 लाख रुपए की घोषणा की। इसमें शीतला मंदिर के पास सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपए, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन के लिए 37 लाख रुपए, छोटे पारा में सीसी रोड के लिए 18 लाख रुपए तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में पुस्तकालय और प्रयोगशाला के लिए 15 लाख रुपए शामिल हैं।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाया अमरूद का पौधा

‘मन की बात’ के बाद मुख्यमंत्री साय ने एकलव्य विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अमरूद का पौधा लगाया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *