भीषण गर्मी में सतर्कता और संवेदनशीलता बरतें, जरूरतमंदों का सहारा बनें – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

cm sai

रायपुर। विष्णुदेव साय ने प्रदेश सहित देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी को लेकर प्रदेशवासियों से सतर्कता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्यधिक तापमान के इस दौर में लोगों को अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ आसपास के लोगों का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखने और तेज धूप में अनावश्यक रूप से बाहर जाने से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां स्वयं और परिवार को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि संभव हो तो घर, दुकान, कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों के आसपास राहगीरों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री के अनुसार, संवेदना का यह छोटा प्रयास जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।

मुख्यमंत्री साय ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, श्रमिकों और खुले में काम करने वाले लोगों का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ती दिखाई दे, तो उसे तुरंत छायादार स्थान पर ले जाकर पानी, ओआरएस या अन्य तरल पदार्थ उपलब्ध कराना चाहिए तथा आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता भी सुनिश्चित करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने का आग्रह करते हुए कहा कि घर, आंगन, छत या दुकान के आसपास पानी का एक छोटा पात्र रखना भीषण गर्मी में जीवों के लिए जीवनदायिनी पहल साबित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि यह समय सेवा, संवेदना, सजगता और सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करने का है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से एक-दूसरे का संबल बनने और मानवता के दायित्व को मिलकर निभाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *