विधानसभा में बोले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय: नक्सल हिंसा से विकास की ओर बढ़ रहा बस्तर, ‘बस्तर रोडमैप 2.0’ से बदलेगी तस्वीर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में कहा कि दशकों तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहा बस्तर अब शांति, सुरक्षा और विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने इस परिवर्तन का श्रेय केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों, सुरक्षा बलों के साहस तथा स्थानीय लोगों के सहयोग को दिया। मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सुरक्षा बलों की भूमिका की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सुरक्षा अभियानों के साथ विकास कार्यों को समान प्राथमिकता दी गई। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के लिए पुनर्वास नीति के तहत आर्थिक सहायता, भूमि, कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए, जिससे बड़ी संख्या में लोग मुख्यधारा से जुड़े हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अब ‘बस्तर रोडमैप 2.0’ के जरिए पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और आजीविका पर विशेष फोकस किया है। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के तहत 5,542 गांवों के 39 लाख से अधिक लोगों तक 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में 34 लाख से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल तैयार किया गया है। वहीं 6.79 लाख राशन कार्ड, 17 लाख जनधन खाते, 22 लाख आयुष्मान कार्ड और 1.18 लाख वनाधिकार पत्र वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि 1.76 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जबकि नक्सल प्रभावित परिवारों और आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए 15 हजार अतिरिक्त आवास भी मंजूर हुए हैं।

शिक्षा और कनेक्टिविटी पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के 458 बंद विद्यालयों में से 421 को दोबारा शुरू किया गया है और 36 नए विद्यालय स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही जगदलपुर-रावघाट रेल परियोजना, जगदलपुर हवाई सेवाओं के विस्तार तथा रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाएं बस्तर को विकास, निवेश और पर्यटन का नया केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *