शहीद वीर नारायण सिंह का जीवन सेवा, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम की मिसाल: अरुण साव

arun saw

बेमेतरा, 31 अगस्त 2026। उप मुख्यमंत्री एवं बेमेतरा जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव ने सोमवार को बेमेतरा में शहीद वीर नारायण सिंह की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इसके बाद वे कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय आदिवासी महासम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गोंडवाना भवन के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपये तथा बेमेतरा में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 6 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में विधायक श्री दीपेश साहू सहित जनप्रतिनिधि, आदिवासी समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

गरीबों और शोषितों के अधिकारों के लिए लड़े वीर नारायण सिंह

आदिवासी महासम्मेलन को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ की माटी के महान सपूत थे। उन्होंने गरीबों और जरूरतमंदों की सहायता के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ वीरतापूर्वक संघर्ष किया।

उन्होंने कहा कि वीर नारायण सिंह का पूरा जीवन संघर्ष, सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत रहा। समाज के प्रति सेवा भाव और मातृभूमि के प्रति गहरे प्रेम के कारण उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी गरीब और शोषित लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई। अंग्रेजों के अत्याचार के सामने वे कभी नहीं झुके और देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।

युवाओं को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देगी प्रतिमा

श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती अनेक वीर योद्धाओं और जननायकों की गौरवशाली भूमि रही है। शहीद वीर नारायण सिंह और गुंडाधुर जैसे महान योद्धाओं ने अपने साहस, त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण से समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।

उन्होंने कहा कि बेमेतरा में स्थापित शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा उनके त्याग और बलिदान की स्मृति को चिरस्थायी बनाएगी। यह प्रतिमा युवाओं को राष्ट्रसेवा और समाजसेवा के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले महापुरुषों का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है।

गोंडवाना भवन और विकास कार्यों के लिए बड़ी घोषणाएं

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने गोंडवाना भवन के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही बेमेतरा में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 6 करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की गई।

महासम्मेलन में केंद्रीय गोंड़ महासभा धमधागढ़ के अध्यक्ष कमलेश सोरी, सर्व आदिवासी समाज जिला अध्यक्ष मुरीत मंडावी, गोंड समाज जिला अध्यक्ष दरबार सिंह नेताम, बेमेतरा नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल और अजय साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गोंड समाज के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *