कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय में बनेगा ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’, जनसंचार शिक्षा और शोध को मिलेगी नई दिशा

ktu raipur

रायपुर। जनसंचार शिक्षा और शोध को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयू), रायपुर ने बड़ा कदम उठाया है। विश्वविद्यालय में जनसंचार विभाग के अंतर्गत ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की स्थापना की जाएगी। इस महत्वाकांक्षी पहल को लेकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मनोज दयाल ने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (गुजविप्रौवि) का विशेष दौरा किया।

हिसार में आयोजित बैठक में गुजविप्रौवि के कुलपति प्रोफेसर नरसी राम बिश्नोई और प्रो. मनोज दयाल के बीच उच्च शिक्षा, जनसंचार और शोध के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में दोनों विश्वविद्यालयों के बीच अकादमिक साझेदारी को मजबूत बनाने तथा जनसंचार विभाग में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने पर सहमति बनी।

बैठक के दौरान जनसंचार शिक्षा के लिए एक नए रोडमैप पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसमें अकादमिक गुणवत्ता, शोध गतिविधियों, नवाचार और रणनीतिक विकास को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। प्रस्तावित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से विभाग को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक और उद्योगोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध हो सके।

दोनों विश्वविद्यालयों ने शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण पद्धति और नवाचार आधारित अध्ययन प्रणाली को बढ़ावा देने पर भी सहमति व्यक्त की। साथ ही मीडिया उद्योग और अकादमिक जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

इस सहयोग के तहत संयुक्त शोध परियोजनाओं, फैकल्टी एवं विद्यार्थी आदान-प्रदान कार्यक्रमों तथा शैक्षणिक संसाधनों के साझा उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि यह पहल जनसंचार शिक्षा और शोध के क्षेत्र में नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी तथा विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *