वेनेजुएला के विदेश मंत्री इवान गिल ने ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ की सराहना की, पीएम मोदी का जताया आभार

venezuela

नई दिल्ली/काराकस। वेनेजुएला के विदेश मंत्री इवान गिल ने भारत द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के तहत स्थापित फील्ड अस्पताल का दौरा कर वहां दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की सराहना की। दौरे के बाद जारी प्रेस बयान में उन्होंने भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे दोनों देशों के बीच मजबूत मित्रता और मानवीय सहयोग का प्रतीक बताया।

इवान गिल ने कहा कि उन्होंने वेनेजुएला में भारत के राजदूत पी.के. अशोक बाबू और स्थानीय अधिकारियों के साथ फील्ड अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल के संचालन से जुड़े अधिकारियों और राष्ट्रीय हिप्पोड्रोम संस्थान के निदेशक एवं अध्यक्ष जूलियो लियोन भी मौजूद रहे।

विदेश मंत्री ने बताया कि फील्ड अस्पताल में प्रतिदिन करीब 400 मरीजों का उपचार किया जा रहा है। यहां भूकंप में घायल लोगों, फ्रैक्चर और हेमाटोमा से पीड़ित मरीजों को इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा दंत चिकित्सा, एक्स-रे, छोटी सर्जरी और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान के दौरान घायल हुए राहतकर्मियों का भी इसी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

इवान गिल ने कहा कि भारत सरकार ने कठिन समय में वेनेजुएला के लोगों के साथ खड़े होकर सच्चे मित्र और सहयोगी का परिचय दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विशेष रूप से धन्यवाद देते हुए कहा कि हाल ही में भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा हुई थी और अब संकट की इस घड़ी में भारत की ओर से मिली सहायता उसी मित्रता का जीवंत उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन अमिस्ताद केवल चिकित्सा सहायता का अभियान नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की मिसाल है, जिसने संकट के समय वेनेजुएला के लोगों को राहत और भरोसा देने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *