रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के चांपा, बालोद और सरोना रेलवे स्टेशनों का शुक्रवार को वर्चुअल लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में रेल अधोसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है, जिसका लाभ प्रदेश के सभी क्षेत्रों और नागरिकों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए गए आधुनिक रेलवे स्टेशन यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री साय के अनुसार, नए स्वरूप में विकसित स्टेशनों पर बेहतर प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, स्वच्छ परिसर, आधुनिक यात्री सुविधाएं और उन्नत अधोसंरचना उपलब्ध कराई गई है। इससे यात्रियों की सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं सुनिश्चित होंगी।
उन्होंने कहा कि रेलवे केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास की मजबूत आधारशिला है। चांपा, बालोद और सरोना रेलवे स्टेशनों के उन्नयन से व्यापार, पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही लोगों के आवागमन में सुविधा बढ़ने से रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नई रेल परियोजनाओं, रेलवे लाइनों के दोहरीकरण, विद्युतीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार से विकास को नई दिशा मिल रही है। उनका कहना है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हुए ये विकास कार्य विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को और अधिक मजबूत करेंगे।

