अमित शाह से मिले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, यूपी चुनावी रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। दोनों नेताओं के बीच करीब 50 मिनट तक बैठक हुई। हालांकि बैठक के एजेंडे को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में उत्तर प्रदेश से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक और राजनीतिक मुद्दों के साथ आगामी चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब राज्य में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं।

राजनीतिक चर्चाओं के बीच यह भी माना जा रहा है कि विपक्ष द्वारा राममंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे को उठाए जाने और समाजवादी पार्टी के ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अभियान के जवाब में भाजपा अपनी चुनावी रणनीति को और धार देने की तैयारी कर रही है। साथ ही अयोध्या सहित विभिन्न क्षेत्रों में चल रही विकास परियोजनाओं को गति देने और कानून-व्यवस्था पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने जैसे विषयों पर भी मंथन होने की चर्चा है।

हालांकि इन मुद्दों पर सरकार या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देर शाम भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात कर सकते हैं। इस संभावित बैठक को भी चुनावी तैयारियों के संदर्भ में अहम माना जा रहा है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *