निर्माण गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दाढ़ी सीसी रोड प्रकरण पर सख्त रुख अपनाया

cm vishnudev sai

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बेमेतरा जिले के नगर पंचायत दाढ़ी में हाल ही में निर्मित सीसी रोड के अल्प समय में ही क्षतिग्रस्त होने की खबर को गंभीरता से लिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार्य नहीं है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं से दूरभाष पर चर्चा कर पूरे प्रकरण की समयबद्ध और विस्तृत जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित सड़क का तकनीकी परीक्षण किया जाए और निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, कार्य की गुणवत्ता और पर्यवेक्षण व्यवस्था की समग्र समीक्षा की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जांच में गुणवत्ता में कमी, मानकों का उल्लंघन या अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, क्षतिग्रस्त सड़क का त्वरित पुनर्निर्माण कर जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान की जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिले के अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा की जाए, ताकि कहीं और इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की मूल जिम्मेदारी है और इसमें किसी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा, “जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई अनिवार्य है। सतत मॉनिटरिंग, फील्ड निरीक्षण और प्रभावी गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र के माध्यम से विकास कार्यों की विश्वसनीयता और टिकाऊपन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।”

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशभर में निर्माण कार्यों की निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित, टिकाऊ और भरोसेमंद अधोसंरचना का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *